अंडरपास के लिए संघर्ष मोर्चा समिति ने शुरू किया धरना
संघर्ष मोर्चा के बैनर तले कई महीने से चल रहा आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। शहर के मुखलिसपुर रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण की मांग के लिए मंगलवार को अंडरपास संघर्ष मोर्चा ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। आंदोलनकारी इसे जनप्रतिनिधियों के लिए चेतावनी बता रहे हैं।
अंडरपास संघर्ष मोर्चा के सदस्य पिछले तीन महीने से आंदोलन कर रहे हैं। मंगलवार को मुखलिसपुर क्रॉसिंग के पास समिति ने धरना शुरू कर दिया। इस धरना में सपा के प्रदीप सिंह, शिव राष्ट्र सेना यूथ ब्रिगेड से दीपक यादव व अभिषेक सिंह, अपना दल से रोहित पटेल, भाकियू से जनार्दन मिश्र के अलावा आम आदमी पार्टी के कई पदाधिकारी व सुभाष चंद्र शुक्ल आदि ने पहुंचकर समर्थन दिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि क्रॉसिंग पर अंडरपास जनता की जरूरत है। इसके बन जाने से मुखलिसपुर रोड रेलवे क्रॉसिंग, गोला बाजार दक्षिण, औद्योगिक नगर, कैलाश नगर, गांधी नगर व गोरखल के लोगों व दुकानदारों को फायदा होगा। इस दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि आंदोलन को गति देने के लिए जनप्रतिनिधियों के घर के सामने बुद्घि-शुद्घि यज्ञ किया जाएगा। इस दौरान विवेक वर्मा, दानिश खान, आलोक श्रीवास्तव, महेश जायसवाल, विजय नारायण, पारसनाथ जायसवाल, कृष्णा सर्राफ, मुकेश सोनी, प्रदीप चटर्जी, रामशंकर जायसवाल, विजय बहादुर सिंह इत्यादि लोग उपस्थित रहे।