चार दिन बंद रहेंगे बैंक, निपटा ले लेनदेन का कार्य
सोमवार को हो सकेगा सुचारू रूप से कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
बखिरा। बुधवार से बैंकों की चार दिन की बंदी है। इससे बैंक पर निर्भर लोगों को लेनदेन के साथ ही नकदी की दिक्कत हो सकती है। नकदी की परेशानी से बचने के लिए ग्राहकों को बुधवार से पूर्व ही जरूरत के अनुसार बैंक संबंधी काम निपटा लेना चाहिए।
एसबीआई शाखा बखिरा के प्रबंधक रामफेर ने बताया कि बुधवार 20 मार्च को होली है। इसी के साथ ही बुधवार, बृहस्पतिवार, शनिवार और रविवार चार दिन की बैंक में बंदी हो रही है। बीच में शुक्रवार को बैंक खुलने पर कामकाज किया जाएगा। प्रबंधक ने बताया कि चार की छुट्टी होने से लोगों को निश्चित ही दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। लोगों को चाहिए कि बैंक की बंदी होने से पूर्व योजना बनाकर जरूरत अनुसार बैंक से नकदी का इंतजाम कर लें। इससे लोगों को कुछ सहूलियत हो सकेगी। बताया कि नियमित रूप से बैंक का कामकाज अब सोमवार से हो सकेगा।
ग्राहकों ने एटीएम को खुला रखने की मांग की
बखिरा। बैंक के ग्राहक रामसुमेर, दयाराम, शिवकुमार, कमला, रमावती, कुसुम, प्रमिला ने कहा कि बैंक की बंदी हो रही ठीक है, लेकिन बैंक का एटीएम भी कभी नही खुलता है। एटीएम को यदि खोला जाए तो भी लोगो को बैंक बंदी से उतनी दिक्कत नही होगी, जितनी ज्यादा एटीएम बंद होने से होती है। ग्राहकों ने कहा कि बैंक कर्मियों से एटीएम को बराबर खोलने के लिए कहा जाता है, किन्तु खराब होने का बहाना बनाकर टरका दिया जाता है। आखिरकार जब लोगो की सुविधा के लिए लगाया गया एटीएम कभी खुलना ही नही है, फिर एटीएम मशीन लगाने का कोई मतलब भी नही है।