सैनिकों का जोश बढ़ा, आतंकियों के होश उड़े
कूपवाड़ा में ड्यूटी कर चुके शिवकुमार ने बताया साहसिक कदम
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के भीतर घुसकर जिस शौर्य का परिचय दिया है, उससे भारतीय सेना के पूर्व सैनिक बेहद उत्साहित हैं। पूर्व सैनिकों का कहना है कि इससे जम्मू-कश्मीर में जान की बाजी लगाकर ड्यूटी कर रहे सैनिकों और अर्द्घसैनिक बलों का जोश बढ़ेगा। साथ ही पाकिस्तान में बैठकर आतंकी साजिश रचने वाले भी अपना अंजाम देख सहम गए होंगे।
सेना में वायरलेस ऑपरेटर रहे शिवकुमार वर्ष-2002 में जम्मू-कश्मीर के कूपवाड़ा में तैनात रह चुके हैं। एक सैन्य ऑपरेशन में शामिल रहे शिवकुमार का कहना है कि राजनैतिक कारणों से सेना खुलकर कार्रवाई नहीं कर पा रही थी। इस बार मौका मिला है तो परिणाम दिखाई भी देने लगा है। पूर्व कैप्टन रमेश मिश्रा का कहना है कि सेना की इस कार्रवाई से देश का हर नागरिक खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। भारतीय सेना का पराक्रम देखकर पाकिस्तान में छिपे आतंकियों की रूह कांप रही होगी। ऐसे ही कार्रवाई की जारूरत महसूस हो रही थी। पूर्व सैनिकों के संगठन के अध्यक्ष यदुनंदन मिश्रा का कहना है कि लंबे समय से इस तरह के ठोस कार्रवाई की इच्छा थी। अपने सैनिकों की शहादत की खबर सुनते-सुनते मन द्रवित हो गया था। इस शौर्य गाथा से हर सैनिक का जोश बढ़ा है। भारतीय सेना ने दिखा दिया कि उसे बदला लेना ठीक से आता है। राममिलन गुप्ता ने कहा कि अभी तो यह शुरूआत है। अगर सरकार ने ऐसे ही सेना को खुली छूट जारी रखी तो कुछ ही समय में आतंकियों का नामोनिशान मिट जाएगा। भारतीय सेना के पराक्रम से पूरी दुनिया वाकिफ है। पाकिस्तान को हम कई बार धूल चटा चुके हैं।