कलेक्ट्रेट में उद्यमियों के साथ बैठक करते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। रविवार को जिला उद्योग बंधु की बैठक डीएम भूपेंद्र एस चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत पांच तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत 82 का लक्ष्य प्राप्त करते हुए ऋण वितरण किया गया।
डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में 4140 का लक्ष्य निर्धारित है, लेकिन अभी तक मात्र 77 आवेदकों के पक्ष में 243 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया है। उन्होंने लीड बैंक मैनेजर को निर्देश दिया कि सभी बैंक शाखाओं से समन्वय स्थापित करके लक्ष्य की पूर्ति करें। स्टैंडअप इंडिया योजना की समीक्षा में डीएम ने पाया कि 50 के लक्ष्य के सापेक्ष अभी तक एक भी आवेदन प्राप्त नही हुआ है। इस पर उन्होंने अंसतोष जताया और निर्देश दिया कि माहवार लक्ष्य निर्धारित करके उपलब्धि हासिल करें।
उपायुक्त उद्योग रवि कुमार शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन उद्योग आधार 225 ईकाईयों को जारी कर दिया गया है। अधिशाषी अभियंता विद्युत ने बताया कि विद्युतभार स्वीकृत करने के लिए कोई आवेदन लम्बित नही है। डीएम ने बखिरा के ब्रासवेयर कल्सटर द्वारा लगाई गई बर्तनों एवं अन्य प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा अपेक्षा किया कि प्रदेश एवं देश में आयोजित होने वाले प्रदर्शनियों में इसका स्टॉल लगाएं जाएं। इसमें विभागीय अधिकारी सहयोग करें। इस अवसर पर चैम्बर ऑफ इंडस्ट्री के अध्यक्ष महेश अग्रवाल, उद्यमी सुभाष चंद्र शुक्ल, गुलाम रबवानी, सूर्य प्रकाश पांडेय, हनुमान प्रसाद मिश्र तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें। इस अवसर पर इंदिरा प्रतिष्ठान लखनऊ में आयोजित प्रथम ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह का सजीव प्रसारण दिखाया गया। इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, उद्यमी तथा औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने संबोधित किया। जिले के उद्यमियों ने भी इस सजीव प्रसारण को देखा।