संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक मौलाना आजाद इंटर कॉलेज में हुई। मंडलीय मंत्री एवं जिलाध्यक्ष संजय द्विवेदी ने कहा कि संघ नकल विहीन परीक्षा कराने का पुरजोर समर्थन करता है, मगर निरीक्षण के नाम पर केंद्र व्यवस्थापकों और शिक्षकों का उत्पीड़न किया गया तो संघ बिना नोटिस दिए बोर्ड परीक्षा का बहिष्कार करेगा। परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक लगाए जाने से नाराज शिक्षकों ने विद्यालय में प्रदर्शन करने बाद डीआईओएस का घेराव किया।
जिलाध्यक्ष संजय द्विवेदी ने कहा कि निरीक्षण के लिए विद्यालय पर आने वाले सचल दल व सेक्टर मजिस्ट्रेट यदि धन उगाही की दृष्टि से केंद्र व्यवस्थापकों को परेशान करते पाए गए तो परिणाम गंभीर होंगे। आरोप लगाया कि डीआईओएस द्वारा अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती में मनमानी की गई है। दूरी का ध्यान रखे बिना 40 से 45 किलोमीटर दूर तक ड्यूटी लगाई गई है। डियूटी लगाने से पहले अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों के दायित्व निर्धारित किए जाए। ड्यूटी के दौरान अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों को सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराई जाए। किसी भी प्रकार के उत्पीड़नात्मक कार्रवाई की सूचना संगठन के पदाधिकारियों को दी जाए, हम उसकी हर संभव सहायता करेंगे। डीआईओएस शिव कुमार ओझा ने संघ के पदाधिकारियों की समस्याओं को सुना और उसके निस्तारण का आश्वासन दिया। इस दौरान गिरिजानंद यादव, युनुस अख्तर खान, मोहिबुल्लाह खां, नसीम अहमद खान, गोपाल जी सिंह, महेश्वर सिंह, जितेंद्र कुमार, रमेश चंद्र, मिथिलेश कुमार यादव, दयाशंकर, जय प्रकाश, मोहम्मदीन, राम नारायण पांडेय, संत मोहन त्रिपाठी, हरिशंकर राय, राम नारायण शुक्ल, राघवेंद्र नाथ द्विवेदी, जय गोपाल, मूलचंद्र कुमार, खालिद कमाल, मंगला प्रसाद, मोहम्मद अकील, अफजल खान, अब्दुल मुद्दसिर, रीता द्विवेदी, राम कुबेर मौर्य, विनोद कुमार चौरसिया, अभिषेक तिवारी, जय चंद्र यादव, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।