मगहर। पीडब्ल्यूडी की ओर से कटसहरा-मगहर मार्ग का निर्माण कराया गया है लेकिन गोरखपुर जिले को जोड़ने वाले खुदवा नाला पुल से पहले करीब 100 मीटर सड़क अधूरी छोड़ दी गई है। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की है।
मगहर-कटसहरा से गोरखपुर को जोड़ने वाला यह मार्ग करीब नौ किलोमीटर लंबा है। इस पर रोजाना बड़ी संख्या में पैदल यात्रियों, साइकिल, बाइक और चार पहिया वाहनों का आवागमन होता है। ग्रामीणों के मुताबिक, पहले सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गई थी। इसके विरोध में सामाजिक कार्यकर्ताओं, संगठनों और ग्रामीणों ने आंदोलन किया था। इसके बाद सड़क निर्माण शुरू हुआ, लेकिन कई स्थानों पर काम अधूरा रह गया।
ग्रामीण राधेश्याम यादव, त्रिलोकीनाथ यादव, सभासद अमीर कादरी और गौरव निषाद ने बताया कि मोहम्मदपुर कठार गांव से आगे खुदवा नाला पुल तक करीब 100 मीटर सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने अधूरी सड़क का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आरके पांडेय ने बताया कि सड़क का निर्माण कराया गया है। यदि कहीं सड़क अधूरी रह गई है तो उसे जल्द पूरा कराया जाएगा।