- बुधवार देर रात सीएमओ ने सांथा सीएचसी का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर। सीएचसी सांथा में बुधवार की देर रात सीएमओ ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधीक्षक, चिकित्सक समेत 10 कर्मी गैरहाजिर मिले। जिस पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित सभी कर्मियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्टीकरण तलब किया है।
बुधवार की रात 10:30 बजे सीएमओ डाॅक्टर रामानुज कन्नौजिया सीएचसी सांथा पहुंचे। जहां रात्रि में ड्यूटी कर रहे सभी कर्मियों की जांच की। इसके अलावा इमरजेंसी, दवा स्टाॅक, उपस्थिति रजिस्टर, साफ-सफाई, आवास आदि का जायजा लिया। इस दौरान अधीक्षक डॉ. उमर रहमत अंसारी, डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. किरन त्रिपाठी, डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. हरिबंश मौर्य, स्वास्थ्य कार्यकर्ता लवकुश चौधरी, कृष्ण चंद तिवारी, दीप आर्या, महेश कुमार, सर्वजीत यादव गैरहाजिर पाए गए।
निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी में तैनात फार्मासिस्ट प्रेमचंद वार्ड, वार्ड ब्वाॅय राहुल से डाॅक्टर के बारे में पूछताछ की गई तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। सीएमओ ने सभी कर्मियों को नियमित ड्यूटी पर तैनात रहने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों के साथ उचित व्यवहार करने की नसीहत भी दी। सीएमओ ने साफ-सफाई को बेहतर रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई।
इस संबंध में सीएमओ डाॅ. रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि गैरहाजिर सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों का वेतन रोक दिया गया है। साथ ही स्पष्टीकरण तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।