संभल। संभल लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए जियाउर्रहमान बर्क ने कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के विधायक पद से इस्तीफा मंगलवार को दे दिया है। इसकी जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी शेयर की है। अब वह एक पद से मुक्त हो गए।
मतगणना के बाद जारी हुई अधिसूचना के आधार पर 14 दिन के अंदर एक पद से इस्तीफा दिया जाना था। सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने बताया कि मंगलवार को उन्होंने अपना इस्तीफा लखनऊ भेज दिया था, जो मंजूर हो गया है। मालूम हो जियाउर्रहमान बर्क वर्ष 2022 में कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र से सपा के टिकट पर विधायक बने थे। सपा ने इस बार संभल लोकसभा क्षेत्र से डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क को प्रत्याशी बनाया था। बीमारी के चलते डॉ. बर्क का निधन हो गया। उनके निधन के बाद पार्टी ने डॉ. बर्क के पोते जियाउर्रहमान बर्क को प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा और उन्हें जीत भी मिल गई। संवाद