चंदौसी (संभल)। नगर के मोहल्ला लोधियान निवासी मोहित राजपूत (18) की नरौरा गंगा में डूबने से मौत हो गई। रविवार को मोहित तहेरे भाई के साथ गंगा दशहरा के स्नान के लिए नरौरा गया था। उसी समय गंगा के तेज बहाव में बह गया।
मोहल्ला लोधियान निवासी लालसा राजपूत मजदूरी करते हैं। उनका बड़ा बेटा मोहित रविवार को नरौरा गंगाघाट पर स्नान के लिए गया था। तहेरा भाई छोटे भी उसके साथ था। सुबह 11 बजे गंगा स्नान करते समय मोहित तेज बहाव में बह गया। लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उसकी तलाश के लिए गोताखोर लगाए गए थे। वहीं मोहित के डूबने की सूचना चंदौसी परिजनों को मिली तो वह लोग भी नरौरा पहुंच गए। शाम करीब सात बजे गोताखोरों ने मोहित का शव बरामद किया। परिजनों ने कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया और शव का नरौरा में ही अंतिम संस्कार कर दिया। मां रेखा राजपूत बेटे को याद कर बेसुध हो रही हैं। परिजनों ने बताया कि मोहित दो भाइयों में सबसे बड़ा था और एक दुकान पर मजदूरी का कार्य करता था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी।