सरायतरीन। बहजोई में रिश्तेदारी में जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे युवक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बदायूं जिले के थाना दातागंज क्षेत्र के गांव बसैला निवासी अरविंद कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को उसका छोटा भाई सनी निजी कार्य से बहजोई आया था। काम निपटाने के बाद वह थाना क्षेत्र के गांव पाठकपुर में अपनी रिश्तेदारी में जाने के लिए बहजोई में बाइक एजेंसी के सामने सवारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान चंदौसी की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए सनी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सनी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की जानकारी परिजनों को दी। इस संबंध में सीओ गुन्नौर स्तुति सिंह ने बताया कि पीड़ित भाई की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।