गाजियाबाद से बाइक से दिवाली पर घर लौट रहे बंदायू जिले के 27 वर्षीय चरन सिंह की ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हादसा शनिवार सुबह छह बजे बहजोई-इस्लामनगर मार्ग पर गांव युसुफपुर के पास हुआ। जिला बदायूं के उझानी थाना क्षेत्र के गांव उडैली निवासी चरन सिंह पुत्र बालकिशन गाजियाबाद में एक निजी कंपनी में काम करता था। गांव में दिवाली मनाने के लिए वह बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से उसकी जान चली गई। वहीं कुछ लोगों का कहना था कि अगर युवक हेलमेट पहने होता तो उसकी जान बच सकती थी। प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज लवानियां ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिस के कब्जे में है। चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।