संभल। नखासा थाना क्षेत्र के संभल-हसनपुर मार्ग पर स्थित सिंहपुरसानी गांव में सोमवार की शाम करीब साढ़े छह बजे बाइक सवारों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें अमरोहा जिले के थाना बछरायूं अंतर्गत गांव शेरपुर ड्योंडी निवासी इब्ने अली (25) पुत्र ऐवज खां की मौत हो गई। जबकि मृतक की मां नसीमा खातून, भाभी गजाला और चार वर्षीय भतीजा उवैस घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब युवक बाइक से हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन निवासी भांजे की शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था। जैसे ही सिंहपुरसानी पहुंचे तो संभल की ओर से आए किसी वाहन ने टक्कर मार दी। मृतक के बड़े भाई मोहम्मद नबी ने बताया कि उनका भाई पानीपत में काम करता था। सोमवार की सुबह ही शादी में शामिल होने के लिए पानीपत से गांव आया था। शादी समारोह में जाते समय हादसे का शिकार हो गया। जिसमें मौत हो गई। जबकि मां, भाभी और भतीजे का उपचार चल रहा है। बताया कि मृतक छह भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर का था। वहीं नखासा थाना प्रभारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।