चंदौसी। आनंद विहार से सुल्तानपुर जा रही सद्भावना एक्सप्रेस की जनरल बोगी में में बुधवार को युवक का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि युवक की हत्या बेहरमी से पीटकर की गई थी। पीएम रिपोर्ट में कंधे में चोट, पसलियां टूटने, लीवर फटने व शरीर में ब्लीडिंग की पुष्टि हुई है।
अब जीआरपी मृतक की जेब से मिले महिला के आधार कार्ड के जरिये पड़ताल में जुट गई है। आधार में गाजियाबाद की महिला का नाम व पता लिखा है। लिहाजा जीआरपी गाजियाबाद व वहां की सिविल पुलिस से संपर्क साधा गया है। मामले में सीओ जीआरपी देवी दयाल खुद भी नजर बनाए हुए हैं। हालांकि पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी मृत की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
यह है मामला
बुधवार की रात सद्भावना एक्सप्रेस की डी-2 बोगी में बैठे यात्रियों ने कंट्रोल रूम में युवक के अचानक खड़े खड़े गिरने की सूचना दी थी। उस समय ट्रेन मुरादाबाद से निकल चुकी थी और चंदौसी पहुंचने वाली थी। यात्रियों ने बताया था कि युवक के सिर में सिर में पट्टी बंधी है।
इसके बाद रेलवे कंट्रोल ने चंदौसी जंक्शन पर स्टाफ को सूचना देकर रात 8.45 बजे प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रेन को रिसीव किया। जीआरपी व आरपीएफ मौके पर पहुंच गई। रेलवे चिकित्सक गोविंद माहेश्वरी ने परीक्षण के बाद यात्री को मृत घोषित कर दिया। जीआरपी ने बृहस्पतिवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक युवक की मौत अंदरूनी चोट लगने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट युवक की हत्या की ओर इशारा कर रही है।
मृतक की जेब में बॉबी पत्नी मोहकम सिंह के नाम का आधार कार्ड मिला था। आधार कार्ड पर वार्ड पांच, निबाडी देहात, इंदिरापुरी, जनपद गाजियाबाद का पता लिखा हुआ है। जीआरपी चंदौसी की टीम महिला के आधार कार्ड के जरिये जांच आगे बढ़ा रही है।
गाजियाबाद से हरदोई तक का था टिकट
जीआरपी के मुताबिक मृतक की जेब में महिला के आधार कार्ड के अलावा गाजियाबाद से हरदोई तक का जनरल टिकट था। चंदौसी स्टेशन पर शव को उतारने के बाद आरपीएफ व जीआरपी ने यात्रियों से पूछताछ की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। यात्रियों का कहना था कि यववक खड़े होकर यात्रा कर रहा था और अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। लोगों की तमाम कोशिशों के बाद भी होश नहीं आया तो कंट्रोल को सूचना दी थी।