गुन्नौर। बबराला थाना क्षेत्र के गांव पंवारी में रविवार दोपहर फ्रिज का तार लगाते समय करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव पंवारी निवासी अखिलेश (33) मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार दोपहर वह घर में फ्रिज का तार लगा रहा था। इसी दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन उसे सीएचसी गुन्नौर ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजन उसे अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक अपने पीछे चार वर्षीय बेटी समेत परिवार छोड़ गया है। सूचना पर बबराला पुलिस ने मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी लवनीश चौधरी ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम से इन्कार कर दिया।