संभल। इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति प्रशासनिक शमीम अहमद ने शुक्रवार को जिला न्यायालय चंदौसी का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सभी को सस्ता व सुलभ न्याय दिलाना सभी की प्राथमिकता में शामिल होना चाहिए। उन्होंने बार द्वार अवगत कराई गईं समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा जिला न्यायालय में भवन की कमी है। इसलिए न्यायालय परिसर में ऊपरी मंजिल का निर्माण जल्द कराया जाएगा।
शुक्रवार को प्रशासनिक जज चंदौसी पहुंचे। उन्होंने जिला न्यायालय में न्यायालय कक्ष, अधिवक्ता चैंबर, कैंटीन आदि की व्यवस्था देखीं। बार अध्यक्ष राजेश यादव व अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि जिला न्यायालय में भवन की कमी है। न्यायाधीशों के बैठने के लिए जगह नहीं है। अधिवक्ता खुले आसमान के नीचे बैठकर काम करते हैं। प्रशासनिक जज शमीम अहमद ने कहा कि भवन की कमी को दूर करने के लिए ऊपरी मंजिल का निर्माण कराया जाएगा। कैंटीन में दो न्यायालय कक्ष बन सकते हैं, इसके लिए जल्द ही पैसा जारी कराया जाएगा। साथ ही अधिवक्ताओं को अनुमति दिलाई जाएगी, ताकि वह अपने चैंबर का स्वयं निर्माण करा सकें। उन्होंने कहा कि चंदौसी, गुन्नौर, संभल में जूनियर डिविजन के खाली पदों को जल्द ही भरा जाएगा। इस मौके पर जिला जज सतीश कुमार, डीएम संजीव रंजन, एसपी चक्रेश मिश्र, परिवाद न्यायाधीश कालीचरण, न्यायाधीश राजीव कुमार व बार सदस्य आदि मौजूद रहे।