संभल। क्षेत्र के गांव बेहटा खास में तालाब के किनारे मिट्टी खोदते समय ढांग गिर गई। हादसे में युवती ढांग के नीचे दब गई। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने बमुश्किल उसे मिट्टी के नीचे निकाला। निजी चिकित्सक के यहां उसका उपचार चल रहा है। थाना क्षेत्र के ग्राम बेहटा खास निवासी आलम सिंह की 21 वर्षीय पुत्री तारावती घर की पुताई करने के लिए गांव से कुछ दूरी पर स्थित तालाब में मिट्टी लेने गई थी। वहां ढांग के नीचे से मिट्टी खोदने लगी। अचानक ढांग भरभराकर गिर पड़ी और युवती उसके नीचे दब गई। ढांग गिरने और युवती चीख पुकार की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मिट्टी हटाई। इसके बाद मिट्टी में दबी घायल तारावती को बाहर निकाला। परिजनों ने घायल तारावती को प्राइवेट चिकित्सक से उपचार कराया है।