सरायतरीन। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव चपतियों की मढ़ैया में रविवार की दोपहर 3:30 बजे गांव स्थित तालाब में नहाने के दौरान आस मोहम्मद (25) की डूबकर मौत हो गई। उसका साथी गांव का अरमान किसी तरह बचकर निकल आया।
मामले की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो पांच गांव के लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। 19 लोगों ने करीब साढे तीन घंटे में तालाब में आस मोहम्मद को तलाश कर जब तक बाहर निकाला, मौत हो चुकी थी।
गांव चपतियों की मढ़ैया निवासी मृतक युवक के पिता रमजानी ने बताया कि बेटा आस मोहम्मद गांव के ही अपने दोस्त अरमान के साथ गांव के तालाब में नहाने के लिए गया था। तालाब गहरा और दलदली होने की वजह से बेटा बीच तालाब में जाकर नहाने लगा। इस दौरान वह दलदल में फंस गया और डूब गया। उसका दोस्त अरमान बमुश्किल अपने आप को बाहर निकालने में कामयाब रहा।
सूचना पर पुलिस और नायब तहसीलदार अरविंद कुमार पहुंचे। गांव मुजफ्फरपुर चपतियों की मढ़ैया और घुंघावली के करीब 19 लोगों ने तालाब में रस्सी के सहारे घुसकर तलाश करना शुरू किया। बीच तालाब में दलदल में बेटा फंसा हुआ था। करीब 3:30 घंटे 19 लोग तलाश करते रहे। गांव घुंघावली निवासी इस्तकार ने आस मोहम्मद को ढूंढकर बाहर निकाला। उसे तत्काल संभल के जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। गांव चपतियों की मढैया निवासी मृतक की मां शबनम का रो-रोकर बुरा हाल है।