सरायतरीन। हयातनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार को दिन में शराब और देररात कीटनाशक का सेवन करने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों ने बिना कार्रवाई शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
युवक की पत्नी ने बताया कि बृहस्पतिवार को दिन भर पति ने शराब पी। रात में खाना नहीं खाया और नशे में ही घूमते रहे। वह घर पर खाना खाने के बाद बेटे के साथ सो गई। परिजन भी सो रहे थे। देर रात पति ने शराब के नशे में कीटनाशक का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार की सुबह 9:30 बजे गांव के ही श्मशान घाट में पुलिस को बिना सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। पति अपने पीछे तीन वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। थाना प्रभारी उमेश सिंह ने बताया कि इस तरह की कोई जानकारी नहीं है। संवाद
फंसाने की कोशिश करने का आरोप, जांच की मांग
मढ़न। असमोली थाना क्षेत्र के गांव मछायली निवासी शकील ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें कहा कि बृहस्पतिवार की देर रात्रि वह अपने घर के आगे खड़े थे। घर के पास ही उनकी कार खड़ी रहती है। आरोप है कि गांव के ही व्यक्ति कपड़ा ओढ़कर हाथ में थैला लिए कार के पास खड़ा हो गया। जैसे ही आहट और शक हुआ तो मौके से भाग गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पिछले चुनाव से प्रधान रंजिश रखता है। इसकी वजह से कार में कुछ रखकर पीड़ित को फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस से मामले की जांच करके कार्रवाई की मांग की है। संवाद