रविवार को चंदौसी कोतवाली के इंस्पेक्टर सत्येंद्र पवार कार्यालय में बैठे थे। एक युवक उनके कार्यालय में पहुंचा और उनके टेबल के आगे खड़े होकर बोला, सर... सुनिए। इतना कहते है कि आरोपी ने ब्लेड से इंस्पेक्टर के दाए चेहरे पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से इंस्पेक्टर हड़बड़ा गए। इसके बाद आरोपी वार करने के लिए उनकी कुर्सी की ओर भागा, तो वह शोर मचाते हुए मेज के दूसरी ओर दौड़े। शोर सुनकर बाहर बैठे एसएसआई सदाकत अली, हमराह प्रवेश कुमार, सिपाही टेकचंद अंदर दौड़ और आरोपी को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुलजारी निवासी गांव कैथल थाना चंदौसी बताया है। वहीं थाने हुए इंस्पेक्टर पर हमले की सूचना पर एएसपी श्रीश्चंद्र, सीओ डॉ. प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। घायल इंस्पेक्टर का सीएचसी में उपचार कराया गया। इंस्पेक्टर पवार ने आरोपी गुलजारी के खिलाफ जानलेवा हमले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
- कोतवाली में जनसुनवाई करते हुए इंस्पेक्टर पर एक युवक ने ब्लेड से हमला किया। उन्हें मेडिकल के लिए भेजा है। आरोपी को पकड़ लिया गया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में पता चला है कि वह मानसिक रूप से पूरी तरह से स्वस्थ नहीं है और अवसाद में है। मामले में गांव व आरोपी के परिजनों से जानकारी कर जांच की जाएगी।
-कुलदीप सिंह गुनावत,
एसपी संभल।
-
बीएड उत्तीर्ण है आरोपी, नौकरी न लगने से आया अवसाद में
चंदौसी। इंस्पेक्टर पर ब्लेड से हमला करने का आरोपी गुलजारी बीएड उत्तीर्ण है। वह कोई काम नहीं करता है। पढ़ाई के बाद नौकरी न लगने से वह अवसाद में आ गया। पिता के साथ मारपीट करता है। ग्रामीणों ने भी कई बार उसके पिता को उससे बचाया है।गुलजारी के पिता कल्लू ने बताया कि उनका बेटा बीएड उत्तीर्ण है। वह मुरादाबाद के कटघर क्षेत्र के एक निजी स्कूल में पढ़ाता था। इसके साथ ही सरकारी नौकरी की भी तैयारी कर रहा था, नौकरी नहीं लगी तो वह अवसाद में आ गया। स्कूल में बच्चों से मारपीट और स्टाफ से अभद्रता करने लगा। मई 2019 में उसके स्कूल से निकाल दिया गया। इसके बाद उसने चंदौसी के संभल गेट स्थित एक कोचिंग सेंटर पर पढ़ाया। हालांकि कोरोना में यह नौकरी भी छूट गई। तब से गांव में ऐसे ही घूमता रहता है। गांव वालों के साथ अभद्रता करता है। उनके साथ भी कई बार मारपीट कर चुका है।