चंदौसी (संभल)। शराब तस्करी के आरोपी युवक का शव शुक्रवार की सुबह कमरे में पंखे में बंधी रस्सी के फंदे से लटका मिला। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, शव का पोस्टमार्टम न कराने को लेकर परिजनों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई, लेकिन समझाने के बाद में परिजन मान गए। परिजनों के मुताबिक युवक जब से जमानत पर छूट कर आया था तब से वह गुमसुम रहता था।
चंदौसी के मोहल्ला लक्ष्मण गंज निवासी शावेज (22) ट्रक चलाता था। गुरुवार की रात वह खाना खाकर कमरे में सो गया था। शुक्रवार की सुबह सात बजे तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई आहट नहीं हुई। इस पर परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद कमरे में जाकर देखा तो युवक का शव पंखे में बंधी रस्सी से लटका हुआ था। आनन फानन शव फंदे से नीचे उतारा। साथ ही सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वहीं, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसको लेकर उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हुई। हालांकि, पुलिस के समझाने के बाद परिजन मान गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।