संभल/ओबरी/पवांसा। गुड फ्राइडे के अवकाश के बावजूद शुक्रवार को विकास खंड कार्यालय खुले। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए विभिन्न पदों के दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे। एडीओ पंचायत वसीम अब्बास ने बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री रविवार व अवकाश के दिनों में भी होगी। नामांकन पत्र 18 अप्रैल की शाम पांच बजे तक खरीदे जा सकेंगे। नामांकन 17 व 18 अप्रैल को होंगे। मतदान 29 अप्रैल को होगा।
पवांसा विकास खंड कार्यालय पर पंचायती चुनाव में ग्राम पंचायत प्रधान पद के नामांकन पत्र खरीदने के लिए दूसरे दिन भी लोग पहुंचे। पवांसा में 107 नामांकन पत्र बिके। 20 नामांकन पत्र क्षेत्र पंचायत सदस्य और 32 नामांकन पत्र ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य पद के लिए खरीदे गए। असमोली में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान विभिन्न पदों के लिए शुक्रवार को तीसरे दिन कुल 208 नामांकन पत्र खरीदे गए। ग्राम प्रधान पद के 123 नामांकन पत्र खरीदे गए। बीडीसी के 41 तथा ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 44 नामांकन फार्म बिके। संभल विकास खंड कार्यालय में नामांकन पत्रों की बिक्री के लिए दो काउंटर संचालित किए गए। शाम पांच बजे तक लोग नामांकन पत्र खरीदने के लिए पहुंचते रहे।