ओबरी। असमोली थाना क्षेत्र के ड्योढी गांव के जंगल में सोमवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पीआरवी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पहचान होने पर परिजन भी पहुंच गए और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुबह करीब छह बजे गांव डोंडी की मिलक के जंगल में पेड़ से लटका शव देख ग्रामीणों में चर्चा फैल गई। पहचान कराने पर शव पड़ोस के गांव खेमपुर निवासी कपिल (23) का निकला। ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
परिजनों का आरोप है कि कपिल रविवार शाम अपनी बुआ के घर आया था। रात में कुछ लोगों ने उसका अपहरण कर हत्या कर दी और शव को रस्सी के फंदे से पेड़ पर लटका दिया।
थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।