संभल। प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की हत्या कर दी गई। लाश को बोरे में भर कर खेत में फेंकी गई। युवक के सगे भाई ने प्रेमिका के माता-पिता के खिलाफ संभल कोतवाली में हत्या और साक्ष्य नष्ट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पिता को गिरफ्तार कर लिया है। युवक मुरादाबाद जनपद स्थित बिलारी कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्हैदादपुर देवा का निवासी है। दिल्ली में सिलाई करता था और तीन दिन पहले ही होली मनाने के लिए दिल्ली से गांव आया था। यह घटना युवक के भाई की ससुराल में हुई।
रवि (21) पुत्र वीर सिंह की लाश संभल कोतवाली क्षेत्र के गांव भवानीपुर के खेत में पड़ी मिली है। ग्रामीणों से मिली सूचना के बाद कोतवाली पुलिस ने मंगलवार शाम करीब पांच बजे शव को एक बोरे से बरामद किया। बोरे में लाश बंधी पड़ी थी। हाथ बंधे थे। सिर का कुछ हिस्सा कुचला हुआ नजर आ रहा था। रवि के भाई विमल ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस को बताया कि ससुराल के पड़ोस में रहने वाली एक युवती से रवि का प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस पर युवती के माता-पिता को आपत्ति थी। रवि और वह सोमवार को शाम ससुराल आए थे। वह लौट गया था लेकिन रवि ससुराल में रुक गया था।
सोमवार की रात में एक बजे रवि प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था। प्रेमिका के माता-पिता ने रात में ही रवि की हत्या कर दी और बोरे में शव भरकर बाइक से खेतों की ओर ले गए। यह घटनाक्रम उनके साले ने देखा है। साले से इसकी जानकारी मिलने पर जब वह ससुराल पहुंचे तो पूरा मामला खुल गया। रवि दिल्ली में जींस की सिलाई करता था और तीन दिन पहले ही होली मनाने घर आया था। हत्या की रिपोर्ट प्रेमिका के माता-पिता के विरुद्ध दर्ज कराई गई है। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि युवती के पिता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनसे घटनाक्रम के विषय में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि चोट देखकर ऐसा लगता है कि रवि के सिर पर डंडे या लोहे की रॉड से हमला किया गया। प्रभारी निरीक्षक विकास सक्सेना ने बताया कि गला दबाए जाने का भी अंदेशा है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस बीच गांव भवानीपुर के निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि सिर कुचला हुआ सा दिख रहा था। लाश को चीनी के बोरे में बुरी तरह से ठूंसा गया था। हाथ बांध दिए गए थे।