young man suicide, accuswd of murder
चंदौसी। शहर कोतवाली क्षेत्र के कैथल ग्राम पंचायत के मजरा नवाबपुरा में सुबह एक युवक का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक की बेटी ने पुलिस को तहरीर दी है। उसने अपने मामा और मौसा पर हत्या का आरोप लगाया है।
नवाबपुरा निवासी गंगा चरन (42) की पहली पत्नी का निधन होने के बाद करीब तीन साल पहले उसने बिसौली (बदायूं) के एक गांव की एक युवती से शादी कर ली। लेकिन बताते हैं कि पत्नी से गंगा चरन का विवाद चलने लगा। ग्यारह महीने पहले पत्नी उसे छोड़कर अपने मायके चली गई। तब से गंगा चरन पत्नी को बुला कर लाने की कोशिशें करता रहा। लेकिन वह पति के साथ आने को तैयार नहीं हुई।
बताते हैं कि मंगलवार को गंगाचरन अपनी पत्नी को बुलाने ससुराल गया था। उसकी बेटी का कहना है कि मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे गंगा चरन लौटे तो उनके साथ उसके दो मामा और मौसा भी थे। सभी ने रात को खाना खाया और सो गए। लेकिन सुबह जब उसने देखा तो उसके पापा गंगा चरन कमरे में साड़ी के फंदे पर लटके मिले। आरोप है कि मामा और मौसा ने ही उन्हें मारकर टांग दिया। क्योंकि गंगाचरन के हाथ-पैरों पर चोट के निशान हैं।
हालांकि पुलिस शुरू से ही मामले को आत्महत्या मानकर चल रही है। पुलिस का मानना है कि पत्नी से विवाद की वजह से उसने आत्महत्या कर ली। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। जब तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।