बहजोई (संभल)। क्षेत्र के गांव राजपुर निवासी सुरजीत (30) ने मंगलवार की रात पारिवारिक विवाद में खुद को गोली मार ली। सिर में गोली लगने से युवक गंभीर घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां पर उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ दीपक कुमार व प्रभारी इंस्पेक्टर सत्येंद्र पंवार ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
घटना मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे की है। सीओ ने बताया कि गांव पहुंचकर मिली जानकारी में सामने आया कि युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते खुद को गोली मार ली। युवक के घर से 12 बोर का तमंचा व खोखा भी बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले में जांच-पड़ताल की जा रही है। घायल को उपचार लिए सीएचसी भेजा था। सीएचसी से युवक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। जहां पर देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक युवक मजदूरी करता है।