बहजोई। दूसरे के निजी नलकूप से खेत में पानी भराई करते समय युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव अर्जुनपुर जूना की है।
बुधवार की दोपहर साढ़े बारह बजे करीब कोतवाली क्षेत्र के गांव अर्जुनपुर जूना निवासी युवक जीतपाल पुत्र धर्मपाल दूसरे खेत में लगे निजी नलकूप से अपने खेत में पानी भराई कर रहा था। अचानक वह किसी तरह करंट की चपेट में आ गया और जमीन पर गिर पड़ा। जानकारी होने पर खेत में आसपास काम कर रहे लोग मौके की ओर दौड़े। परिजन भी सूचना पर पहुंच गए और ई-रिक्शा से युवक को सरकारी अस्पताल में लाया गया। जहां चिकित्सा अधिकारी ने युवक जीतपाल (22) को मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई और घटना की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों ने किसी भी तरह की कार्रवाई से इंकार किया है। शव को परिजनों के सुपुर्दगी में दिया गया है।