बहजोई। गांव पुरा में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को युवक का शव घर में चारपाई पर पड़ा मिला। पुलिस ने घटना की जांच-पड़ताल कर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इस बीच मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही।
रविवार की रात कोतवाली क्षेत्र के गांव पुरा निवासी युवक सोनू (20) पुत्र अनिल कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हल्का इंचार्ज उप निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि डायल 100 पुलिस से सूचना मिली कि गांव पुरा में एक युवक की मौत हो गई है।
मौके पर जाकर देखा तो युवक का शव घर में चारपाई पर पड़ा था। जानकारी लेने पर सामने आया कि युवक घर के एक कमरे के कुंदे में साड़ी के फंदे से लटक गया था। आनन-फानन में परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए थे।
जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही युवक की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं गांव में चर्चा रही कि प्रेम प्रसंग के चलते युवक की मौत हुई है।