संभल के हयातनगर में अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियम स्माइल कार्यक्रम में अतिथियों के साथ मौजूद छात्?
- फोटो : SAMBHAL
संभल। हयात नगर स्थित राष्ट्रीय कन्या इंटर कॉलेज में अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल मुहिम के तहत सोमवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया। विभिन्न क्षेत्रों की कामयाब महिलाओं ने अपने अनुभव सुनाए और बेटियों को पढ़ने तथा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
एशियन हास्पिटल में स्त्री रोग विशेषज्ञ और कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डा. स्मिता पाटिल ने सेहत को संवारने और कामयाबी के इरादे बनाने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं से सवाल किए और जवाब भी दिए। उन्होंने कहा कि बेटियां घर में अपनी मां का सहयोग दें। पढ़ने के साथ-साथ घरेलू काम में भी रूचि दिखाएं। परिवार का सहयोग लेकर पढ़ाई करेंगी तो आगे जरूर बढे़ंगी।
राजकीय डिग्री कालेज हयात नगर की समाज शास्त्र की प्राध्यापक और विशिष्ट अतिथि डा. नौमी प्रिया ने कहा कि वे किसान की बेटी हैं। बिहार से उत्तर प्रदेश आकर अपना नाम रोशन कर रहीं तो हयात नगर के तमाम किसानों की बेटियां भी देश के दूसरे राज्यों में जाकर नाम रोशन कर सकती हैं। बस इरादा बनाएं और आगे बढ़ जाएं। चमरौआ स्थित सरकारी अस्पताल की चिकित्साधिकारी डा. बुशरा ने कहा कि बिना चुनौतियों के कोई कामयाबी नहीं मिलती।
इसलिए हार न मानें, बल्कि आगे बढे़ं। इससे दिक्कतें दूर होती चली जाएंगी। महिला हेल्पलाइन 181 की सुविधादाता सीमा नेे कहा कि महिलाओं के 1090 के भी हेल्पलाइन हैं लेकिन उसकी शिकायत पुलिस थाने में जाती है।
जो बेटियां और महिलाएं अपनी शिकायत पुलिस थाने में करना नहीं चाहती उनके लिए 181 डायल करना जरूरी है। यह ऐसी महिला हेल्पलाइन है जो समस्या का समाधान कराने में महत्वपूर्ण काम कर रही है। इस मौके पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य पूजा, उप प्रबंधक कविता के अलावा शिक्षकों में रीना, रुचि आदि ने भाग लिया। इसी मौके पर नारी गरिमा को बनाए रखने के लिए शपथ भी दिलाई गई।