चंदौसी (संभल) । कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव शहबाजपुर निवासी कुंवरपाल (36) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव घर में ही लटका मिला। किसी ने हत्या की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस माैके पर पहुंची तो मामला आत्महत्या का निकला। जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव शहबाजपुर निवासी कुंवरपाल की शादी 15 साल पहले हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। वह टाटा मैजिक चलाकर गुजर बसर कर रहा था। परिजनों के मुताबिक बुधवार की शाम वह नशे की हालत में टाटा मैजिक लेकर घर आया था। इसी दौरान उसकी पड़ोसी युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद गाली-गलौज हो गई थी। परिजन बीच बचाव कराकर उसे घर में ले गए। खाना खाने के बाद युवक अपने कमरे में सोने चला गया। बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे तक जब वह नहीं उठा तो परिजन उसे जगाने पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांक कर देखा तो परिजनों की चीख निकल गई। लिंटर के कुंडे से बंधे रस्से के फंदे से युवक लटका था। शोर सुनकर पास पड़ोस के लोग पहुंच गए। बच्चे को रोशनदान से कमरे में उतार कर दरवाजा खुलवाया। शव को नीचे उतारा। वहीं किसी ने थाना पुलिस को हत्या की सूचना दे दी। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। सीओ संतोष कुमार भी पहुंच गए। पुलिस की छानबीन में मामला आत्महत्या का होने पर फॉरेंसिक टीम रास्ते से वापस लौट गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।