संभल। बुजुर्ग व्यक्ति खतरा होने के बावजूद कोरोना से दूर रहे। कुल 88 कोरोना संक्रमित में सिर्फ तीन बुजुर्ग हैं। अच्छी बात यह रही कि तीनों बुजुर्गों ने कोरोना को हरा दिया लेकिन युवाओं में कोरोना का संक्रमण जारी है। जिले में सर्वाधिक कोरोना संक्रमित 21 से 50 वर्ष की उम्र के हैं। इनकी संख्या 61 है। ऐसे में संक्रमण रोकने के लिए युवा वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। परिवारों की भी ज्यादा जिम्मेदारी है। जिनके घर कोई बाहर से आया है। उसकी जांच कराएं ताकि संक्रमण सामुदायिक न होने पाए।
ज्यादा खतरा होने के बावजूद बुजुर्गों ने खुद को कोरोना से बचाया है। बच्चे भी कोरोना के संक्रमण से दूर रहे। यह बात अब तक कोरोना संक्रमित निकले लोगों की उम्र का विश्लेषण करने पर सामने आई है। संभल जिले में सबसे अधिक कोरोना संक्रमित युवा हैं और प्रवासी मजदूर हैं। दस वर्ष तक की उम्र के बच्चे तीन अब तक संक्रमित हुए हैं। वरिष्ठ नागरिक की श्रेणी में आने वाले 60 वर्ष से अधिक उम्र के तीन लोग हैं। ग्यारह से बीस वर्ष तक की उम्र के नौ लोग कोरोना संक्रमित हैं। वहीं 51 से 60 वर्ष तक की उम्र के कोरोना संक्रमित छह हैं।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अजफर कमाल ने बताया कि 21 से 50 वर्ष तक की उम्र के सर्वाधिक लोग ऐसे हैं जो प्रवासी मजदूर हैं। इन लोगों से समाज में संक्रमण नहीं फैला है। इनके संपर्क में रहे अधिकतर लोग निगेटिव आए हैं लेकिन आने वाले दिनों में प्रवासियों से संक्रमण फैलने से इनकार नहीं किया जा सकता है। क्योंकि तमाम प्रवासी ऐसे हैं जिनके अभी कोरोना संबंधी टेस्ट ही नहीं हुए हैं। थर्मल स्क्रीनिंग करके उन्हें घर जाने दिया गया है।
ऐसे लोग कोरोना संक्रमित हो सकते हैं। जब तक इन लोगों की कोरोना जांच न हो जाए और उस जांच की रिपोर्ट न आ जाए तब तक सभी को सतर्कता दिखानी है। बाहर से आए मजदूरों और उनके परिजनों की जिम्मेदारी ज्यादा है क्योंकि उनमें सर्वाधिक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा आम लोगों की जिम्मेदारी यह है कि वे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। जब तक बहुत ज्यादा जरूरी न हो तब तक अपने घर से बाहर न जाएं। बाजार और भीड़ के बीच कोरोना का कौन संक्रमित व्यक्ति है, यह कहना अभी मुश्किल है। अगर भीड़ से बचेंगे तो न केवल खुद को कोरोना से बचा पाएंगे बल्कि समाज में भी संक्रमण फैलने से रुक जाएगा।
किस आयु वर्ग के कितने लोग आए पॉजिटिव
कुल पाजिटिव 88
दस वर्ष तक की उम्र के-03
11 से 20 वर्ष तक की उम्र के-15
21 से 50 वर्ष तक की उम्र के-61
51 से 60 वर्ष तक की उम्र के-06
60 वर्ष से अधिक उम्र के 03