संभल। चौबीस घंटे में एक और कोरोना संक्रमित प्रवासी मजदूर सामने आया हैै। वह संभल तहसील क्षेत्र के थाना नखासा के गांव जलालपुर का निवासी है। इस गांव की एक महिला पहले ही कोरोना संक्रमित निकल चुकी है। इन सभी को जोड़कर संभल जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 88 हो गई है।
महिला और उसके पति समेत छह लोग ऐसे हैं जो इसी गांव के हैं और अहमदाबाद से दिल्ली तक संग-संग आए थे। इन छह लोगों में महिला के बाद यह दूसरा कोरोना संक्रमित शनिवार को सामने आया है। यह युवक अहमदाबाद में जींस की सिलाई का काम करता था जबकि जलालपुर निवासी महिला का पति अहमदाबाद में होटल चलाता था। पति-पत्नी 26 मई को संभल आए थे। जिला अस्पताल में नमूना लिया गया था।
इसके बाद हकीम रईस मेडिकल कालेज के क्वारंटीन केंद्र में भर्ती कराया गया था। पति निगेटिव आया है। उसे अस्पताल से छुट्टी देकर उसके घर जलालपुर में होम क्वारंटीन किया गया है। पत्नी को पॉजिटिव होने की वजह से मुरादाबाद के विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उसका उपचार चल रहा है।
जलालपुर निवासी युवक कोरोना संक्रमित निकला तो संभल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी डा. नीरज शर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम शनिवार को दोपहर गांव पहुंची। युवक के परिजनों को कोरना की जांच के लिए अपने साथ एंबुलेंस से लाई है। चिकित्साधिकारी ने गांव में होम क्वारंटीन किए गए व्यक्ति का भी हालचाल लिया और कोरोना से बचाव के उपाय समझाए। इस युवक को जोड़कर संभल जिले में कोरोना संक्रमित की संख्या बढ़कर 88 हो गई है।