फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डग्गामार बस ने बुलेट सवार को रौंदा, मौत, बस अनियंत्रित होकर पलटी, 18 यात्री घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
संभल। डग्गामार बस बुधवार शाम असमोली में बुलेट सवार युवक को कुचलते हुए अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में असमोली निवासी बाइक सवार अंकुर (25) की मौत हो गई, जबकि 18 बस यात्री जख्मी हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार को अस्पताल भिजवाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं जख्मी बस यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद पुलिस ने उन्हें अन्य बस में बैठाकर रवाना कर दिया। वहीं, आरोपी बस चालक मौके से फरार हो गया है। अपर पुलिस अधीक्षक व पुलिस क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने अंकुर के परिजनों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन

बुधवार शाम पांच बजे संभल से अमरोहा जा रही डग्गामार बस ने असमोली में बुलेट बाइक सवार को रौंद दिया। असमोली निवासी अंकुर (25) पुत्र नेमीसरन की मौत हो गई। अंकुर 26 अप्रैल को प्रस्तावित अपनी बहन की शादी के कार्ड बांटने बाइक से संभल जा रहा था।
जैसे ही अंकुर संभल-अमरोहा मार्ग स्थित असमोली बस स्टैंड पहुंचा तभी संभल की ओर से आ रही डग्गामार बस ने उसे रौंद दिया। इसके बाद बस भी सड़क किनारे खड़े खंभे से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। लोगों ने बचाव कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बचाव कार्य कर सभी घायलों को असमोली अस्पताल भेजा। यहां बाइक सवार अंकुर को मृत घोषित कर दिया। जबकि बस में सवार 18 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
विज्ञापन

अंकुर के परिजनों ने बताया कि वह गांव में परचून की दुकान चलाता था। दो वर्ष पहले उसकी संगीता से शादी हुई थी। उसका एक वर्ष का बेटा जयंत भी है। 26 अप्रैल को बहन मंता कुमारी की शादी है। उसी की तैयारी की जा रही हैं। अंकुर शादी के कार्ड बांटने के लिए घर से निकला था। रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। मां वीरो देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक अपनी एक बहन और दो भाइयों में सबसे बड़ा था।
हादसे की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार जायसवाल व पुलिस क्षेत्राधिकारी अरूण कुमार सिंह भी पहुंचे। पीड़ित परिजनों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं दूसरी ओर हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डग्गामार बस को कब्जे में लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें