संभल/रजपुरा। एंटी रैबिज वैक्सीन न लगवाने की वजह से कुत्ता काटने से पीड़ित हुए युवक की मौत हो गई। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
हिरौनी गांव निवासी नेत्रपाल (26) को करीब तीन महीने पहले कुत्ते ने काट लिया। युवक ने उस समय कुत्ता के काटने की घटना को गंभीरता से नहीं लिया। न ही एंटी रैबिज इंजेक्शन लगवाया। युवक की हालत रविवार को अचानक बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रजपुरा लेकर पंहुचे। चिकित्सक ने हाइड्रोफोबिया की पुष्टि करते हुए उसे अलीगढ़ मेडिकल कालेज के लिए रेफर किया। अलीगढ़ में मंगलवार की सुबह उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। मौत से आहत पत्नी मोहरकली का रो-रो कर बुरा हाल है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रजपुरा के प्रभारी डा. अजय कुमार त्यागी ने बताया कि हाइड्रोफोबिया से मौत हुई है। उन्होंने बताया कि युवक ने एंटीरै बिज इंजेक्शन नहीं लगवाए थे। उन्होंने बताया कि हाइड्रोफोबिया के शिकार व्यक्ति के संपर्क में रहने से भी संक्रमण फैल जाता है। इसलिए संपर्क में आए लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंच पर एंटीरैबिज का इंजेक्शन लगवाना चाहिए।