संभल। रविवार यानी आज आरओ और एआरओ की परीक्षा आयोजित होगी। इस परीक्षा के लिए संभल नगर पालिका क्षेत्र में नौ व चंदौसी में छह केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 7056 परीक्षार्थी आकर परीक्षा में शामिल होंगे। सभी केंद्रों के लिए नियुक्त सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट पूरी निगरानी करेंगे। परीक्षा केंद्र एमजीएम कॉलेज में तैयारी के संबंध में शनिवार को प्राचार्य डॉ. योगेंद्र सिंह ने बैठक की। इस दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट केके शर्मा ने ड्यूटी के लिए मौजूद कक्ष निरीक्षकों को निर्देश दिए। प्राचार्य ने बताया कि केंद्र पर 600 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को नकल रहित, शांतिपूर्ण, निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए सारी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस दौरान सहायक केंद्राध्यक्ष प्रोफेसर आबिद हुसैन, प्रोफेसर निरंकार सिंह, डाॅ. मोहम्मद नदीम आदि रहे।
00000
एक नजर में जिले के परीक्षा केंद्र
-शंकर भूषण सरन जनता इंटर कॉलेज, संभल।
-महात्मा गांधी मेमोरियल कॉलेज, संभल।
-आचार्य मुक्तेश हकीम रईस सरस्वती इंटर कॉलेज, संभल।
-बाल विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, संभल।
-राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, संभल।
-जवाहर लाल मैमोरियल नगर पंचायत इंटर कॉलेज, सिरसी।
-हिंद इंटर कॉलेज, संभल।
-राजकीय महाविद्यालय, संभल।
-जेडयू इंटर कॉलेज, पक्का बाग सरायतरीन, संभल।
-एसएम इंटर कॉलेज, चंदौसी।
-नानक चंद्र आदर्श इंटर कॉलेज, चंदौसी।
-सेक्रेड हार्ट कांवेंट स्कूल, चंदौसी।
-एएम वर्ल्ड स्कूल, चंदौसी।
-सिल्वर स्टोन पब्लिक स्कूल, चंदौसी।
000000
अभ्यर्थी इन बातों का रखें ध्यान
-सेंटर पर अनिवार्य रूप से 45 मिनट पहले पहुंचे।
-किसी भी तरह के इलेक्ट्रानिक उपकरण को लेकर न पहुंचे।
-प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड लाना अनिवार्य।
-परीक्षा के नियमों के अनुसार, पानी की पारदर्शी बोतल रखें।
-ओएमआर सीट भरते समय विशेष सावधानी बरतें।
0000000
इनसेट
अधिकांश केंद्रों के सामने रहेगी पार्किंग
जिले के यातायात प्रभारी दुष्यंत कुमार ने बताया कि परीक्षा के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था चुस्त-दुरस्त रखी जाएगी। संभल में शंकर इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र की पार्किंग नगर पालिका के मैदान में होगी। इसके अलावा अन्य जो भी केंद्र हैं, उनके परिसर या आसपास की खाली जगह को ही पार्किंग स्थल के तौर पर रिजर्व किया गया है। इसके अलावा रोडवेज बस स्टैंड और चंदौसी में रेलवे स्टेशन पर जवान मुस्तैदी से तैनात रहेंगे, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को कोई असुविधा न हो।
00000
परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को सुबह आठ बजे उपस्थित होकर रिपोर्ट करनी होगी। 8.45 बजे मुख्य द्वार बंद हो जाएगा। इसके बाद सुबह 9.30 बजे परीक्षा शुरू हो जाएगी, जिसे कड़ी निगरानी में संपन्न कराया जाएगा।
-अखिलेंद्र कुमार, परीक्षा के नोडल अधिकारी
0000
सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक परीक्षा होगी। इसकी निगरानी सीसीटीवी कैमरों के अलावा एआई से से होगी। निगरानी कड़ी रहे, इसके लिहाज से हर केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनात किए गए हैं।
-श्यामा कुमार, डीआईओएस, संभल