संभल। नखासा थाना क्षेत्र के कस्बा सिरसी में सब्जी लेकर लौट रहे सेवानिवृत्त सेना कर्मचारी को बेेकाबू बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इसमें सेवानिवृत्त सेना कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जमा हुई भीड़ ने घायल के परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन जिला अस्पताल के लिए लेकर दौड़े लेकिन उपचार मिलने से पहले ही सेवानिवृत्त सेना कर्मचारी की मौत हो गई। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं दूसरी ओर आरोपी बाइक चालक बाइक छोड़कर मौके से भाग गया। बाइक पुलिस ने कब्जे में ली है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
सोमवार शाम करीब पौने छह बजे सिरसी के वाल्मीकि मोहल्ला निवासी कल्लू मसीह (65) पुत्र समसुन को बेकाबू बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इसमें कल्लू मसीह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब कल्लू मसीह सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। सिरसी के मोहल्ला सादक सराय में गैस एजेंसी के नजदीक पीछे से आए बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसा देख मौके पर जमा हुई भीड़ ने परिजनों को सूचना दी। परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे ने बताया कि उनके पिता सेना में सफाई कर्मी के पद से सेवानिवृत्त हैं। मृतक की पत्नी शकुंतला देवी व परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे तीन बेटे व दो बेटियों को छोड़ गए हैं। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक बाइक छोड़कर मौके से भाग गया। बाइक पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। नखासा थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। आरोपी चालक मौके से भाग गया है। तलाश की जा रही है।