चंदौसी। कैथल गेट स्थित श्रीदेवी गंगा मंदिर व लोधियान मोहल्ला स्थित ललिता देवी मंदिर पर सोमवार को बसौड़ा पूजन का आयोजन किया गया। महिलाओं ने देवी मां की विधि विधान से पूजा-अर्चना कर जात लगाई। परिवार की खुशहाली व बच्चों की सलामती की मन्नतें मांगीं।
होली त्योहार के बाद देवी मंदिरों पर बसौड़ा पूजन का आयोजन किया जाता है। सोमवार को कैथल गेट स्थित श्रीदेवी गंगा मंदिर व मोहल्ला लोधियान स्थित ललिता देवी मंदिर में बसौड़ा पूजन करने को महिला श्रद्धालु सुबह से ही पहुंचनी शुरू हो गईं। महिलाओं ने मंदिरों पर पहुंच देवी की पूजा-अर्चना कर भोग अर्पित किया। मान्यता है कि होली से गर्मी का मौसम प्रारंभ हो जाता है जिससे बच्चों में अनेक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ जाता है। इन बीमारियों से बचाने के लिए बसौड़ा पूजन के दौरान महिलाएं अपने बच्चों को खसरा, काली खांसी, पीलिया, दिमागी बुखार सहित अनेक बीमारियों से बचाने के लिए पूजन कर मन्नतें मांगती हैं। मंदिरों के बाहर मेले का आयोजन किया गया। बच्चों व महिलाओं ने चाट पकौड़ी व आइसक्रीम का जायका लिया। बच्चों ने खिलौने खरीदे। मंदिरों पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा।