चंदौसी (संभल)। सुभाष रोड स्थित एक नर्सिंगहोम में आंत के ऑपरेशन के 12 घंटे बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का आरोप है कि स्टाफ ने उनके साथ मारपीट भी की। नर्सिंग होम के बाहर भीड़ जुटी रही। पुलिस के पहुुंचने के बाद परिजन मौखिक समझौते के बाद शव लेकर वापस चले गए। परिजनों ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
बदायूं के थाना बिसौली गांव मदनजुड़ी निवासी अनुज कुमार ने अपनी पत्नी रीनू (22) को शनिवार की सुबह करीब दस बजे सुभाष रोड स्थित एक नर्सिंगहोम में आंत का आपरेशन कराने को भर्ती कराया था। नर्सिंगहोम के चिकित्सकों ने महिला की आंत का आपरेशन रात आठ बजे किया। इसके बाद महिला को वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। रविवार की सुबह आठ बजे महिला की मौत हो गई जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने नर्सिंगहोम स्टाफ पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। नर्सिंग होम स्टाफ ने परिजनों को नर्सिंग होम से बाहर कर दिया। मृतका के चाचा रिंकू का आरोप है कि नर्सिंग होम स्टाफ ने उनके साथ अभद्रता और मारपीट की है। कुछ समय बाद नर्सिंगहोम से शव को बाहर निकाल दिया गया। नर्सिंग होम में महिला की मौत और हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस दौरान नर्सिंग होम के बाहर भीड़ जुटी रही। करीब एक घंटे के हंगामे के बाद बिना पुलिस कार्रवाई के परिजन महिला का शव लेकर चले गए। घटना की तहरीर कोतवाली में नहीं दी गई है।