सरायतरीन/ सौंधन। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव सैमला में बुधवार की देर रात मायादेवी 25 पत्नी नवाब सिंह का शव फंदे से लटका मिला। महिला के मायके वालों ने हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं दूसरी ओर महिला की मौत के बाद पति और ससुरालियां घर छोड़कर भाग गए। चंदौसी तहसील की मजिस्ट्रेट वंदना मिश्रा ने भी मौका मुआयना किया है। गांव साकिन शोभापुर निवासी मृतका के बड़े भाई ओमपाल यादव ने बताया कि छह वर्ष पहले बहन की शादी गांव सैमला निवासी नवाब सिंह के साथ की थी। मंगलवार को बहन के साथ मारपीट की थी जिसकी सूचना बहन ने दी थी। बुधवार को दिल्ली से घर लौटकर आया था। बृहस्पतिवार को बहन के घर जाना था मगर उससे पहले ही सुबह पांच बजे गांव सैमला के ग्रामीणों के द्वारा बहन की मौत की सूचना मिली थी। आरोप है कि उसकी बहन की हत्या कर शव फंदे से लटकाया गया है। महिला के दो बच्चाें का रोरो कर बुरा हाल है। कैलादेवी थाना प्रभारी लोकेंद्र कुमार त्यागी ने बताया कि महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।