कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के गांव में महिला की पुत्री का जेवर गिरवी रखने के बाद जब ससुर तथा देवर ने नहीं छुड़ाया। जिससे क्षुब्ध महिला ने विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के भाई ने ससुर तथा देवर के खिलाफ आत्म हत्या के लिए विवश करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के गांव फरीदपुर निवासी पिंकू पुत्र राम स्वरूप की बहन कमलेश (35) की शादी गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव उदयभान पुर में राजवीर पुत्र मंगली के साथ हुई थी। लेकिन कुछ समय बाद राजवीर की मृत्यु हो गई। जिससे उसकी दूसरी शादी गांव के ही जुगल किशोर पुत्र श्योराज के साथ कर दी गई।
लेकिन कुछ समय दूसरे पति जुगल किशोर की भी मौत हो गई। कमलेश फिर अकेली रह गई। उसने अपनी पुत्री गीता की एक वर्ष पूर्व शादी गहट गांव में की थी। लेकिन उसकी शादी का जेवर अपने पास ही रख लिया था। कुछ समय बाद कमलेश के ससुर श्यौराज तथा देवर चंद्रकेश को धन की जरूरत पड़ी तो उन्होंने कमलेश से उसकी बेटी का जेवर मांग लिया और गिरवी रख दिया।
बेटी के ससुरालियों ने भी जेवर मांगा तो कमलेश ने अपने ससुर व देवर गिरवी जेवर छुड़ा कर लाने को दबाव बनाया लेकिन ससुर व देवर ने जेवर नहीं छुड़ाया, उल्टे कमलेश के साथ मारपीट करने लगे। नौ मई को फिर कमलेश ने जेवर छुड़ाकर लाने को कहा लेकिन ससुर व देवर ने उससे झगड़ा किया। जिससे क्षुब्ध होकर कमलेश ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्म हत्या कर ली।
हालत बिगड़ने पर उसे परिजन अलीगढ़ उपचार कराने ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर कमलेश के मायके वाले पहुंचे। उन्होंने पहले तो कमलेश के ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया लेकिन बाद जानकारी करने के बाद ससुर व देवर के खिलाफ कमलेश को आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोप में रिपोर्ट लिखाई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी ससुर व देवर आदि परिजन घर से भाग गए हैं। कोतवाली प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि भाई के तहरीर पर ससुर श्योराज तथा देवर चंद्रकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौत कैसे हुई, यह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही पता लग सकेगा। रोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।