सौंधन। हयातनगर थाना क्षेत्र के एक गांव खिरनी मोहिद्दीनपुर निवासी महिला का शव फंदे से लटका मिला है। मायके वालों ने हत्या का अंदेशा जताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गांव खिरनी मोहिदनपुर निवासी धर्मपाल की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व चंदौसी के मोहल्ला प्रेमनगर निवासी उर्मिला के साथ हुई थी।
मृतक के पास एक दो वर्ष का बेटा भी है। मंगलवार की सुबह समय लगभग साढ़े नौ बजे मृतका का अपने पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद घर के परिजन घेर में चले गए। उर्मिला घर पर अकेली थी। इसी दौरान बरामदे में रस्सी के फंदे से लटक कर जान दे दी। परिजन वापस लौटे तो वह लटकी पड़ी थी। इस पर उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर आ गए।
उन्होंने उसे फंदे से नीचे उतारा तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर मृतका के मायके वाले भी आ गए । उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी ली है। वहीं दूसरी ओर पुलिस क्षेत्राधिकारी सिद्धार्थ भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया है।
प्रभारी निरीक्षक विद्युत गोयल का कहना है कि महिला के मायके वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।