जुनावई (संभल)। मेरठ-बदायूं हाईवे पर गांव दुबारी कलां के पास मंगलवार को तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने आगे जा रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में धनारी के गांव भकरोली निवासी पिंकी (30) की मौत हो गई। जबकि उसका पति राम अवतार घायल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
धनारी थाना क्षेत्र के गांव भकरोली निवासी राम अवतार सिंह मंगलवार की शाम अपनी पत्नी पिंकी देवी के साथ बाइक से जरीफनगर थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव ससुराल जा रहा था। शाम करीब पौने छह बजे जुनावई थाना क्षेत्र में मेरठ-बदायूं हाईवे पर दुबारी कलां गांव के सामने पहुंचने पर पीछे से तेज गति से आ रहा बाइक चालक टक्कर मारकर भाग गया। हादसे में दंपती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जुनावई सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने पिंकी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।