गवां (संभल)। रजपुरा के गांव केसरपुर निवासी सुनहरी (42) की मंगलवार की शाम झोलाछाप के गलत उपचार से मौत हो गई। परिजनों ने क्लीनिक पर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम आनंद कुमार और सीओ प्रदीप कुमार स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्लीनिक सील कर दिया। संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
मृतका के देवर धारा सिंह ने बताया कि सोमवार को उसकी भाभी को पेट में दर्द हुआ तो गांव के ही झोलाछाप से उपचार कराया। जिससे हालत ज्यादा बिगड़ गई। मंगलवार को संभल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। आरोप है कि झोलाछाप ने गलत उपचार दिया। जिससे मौत हो गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया तो पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. विरास यादव ने बताया कि अवैध रूप से क्लीनिक का संचालन किया जा रहा था। सील की कार्रवाई कर दी गई है। अवैध रूप से क्लीनिक संचालन में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। सीओ ने बताया कि महिला के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।