बनियाठेर। थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव फतेहपुर डाल में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला महताब (35) मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस बुला ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताते चलें कि थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर बाबई के रहने वाले जफरुद्दीन ने अपनी बेटी महताब की शादी लाॅकडाउन के दौरान थाना कुढ़फतेहगढ़ के गांव फतेहपुर डाल निवासी युवक के साथ मुस्लिम रीति रिवाज से की थी। जिससे महताब पर तीन बच्चे जिनमें गानियां (6), उजैफ (3), उजेन (2 माह) हुए।
मायके वालों के अनुसार शुरुआत में सब कुछ ठीक रहा परंतु धीरे-धीरे ससुराल पक्ष के लोग मेहताब को कम दहेज लाने का ताना देकर परेशान करने लगे और मारपीट कर घर से निकाल देते थे। जिसका समझौता आठ माह पूर्व भी नरौली चौकी पर हुआ था।
बृहस्पतिवार की सुबह 10 बजे करीब महताब के दो छोटे भाई यासिर व रिहान ईद की त्योहारी देने गए थे। दोपहर बाद महताब ने हंसी खुशी अपने भाइयों को विदा किया, परंतु शाम छह बजे करीब ससुराल वालों ने महताब की तबीयत खराब होने की बात कहते हुए फोन पर सूचना दी। सूचना पर गांव पहुंचे बड़े भाई अरमान व ताऊ असगर को महताब मृत अवस्था में पड़ी मिली तथा घर के सभी पुरुष फरार थे, घर पर सिर्फ महिलाएं ही मौजूद थीं।
थाना प्रभारी लोकेंद्र त्यागी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। जानकारी मिली है कि ईद के बाद तहरीर मिलने की बात सामने आई है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।