जुनावई (संभल)। गांव मिठनपुर निवासी दीपक की पत्नी गुलशन (22) बृहस्पतिवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे घोंसली रामसहाय गांव निवासी मायके वालों ने गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जुनावई थाना क्षेत्र के घोंसली रामसहाय निवासी भीमसेन यादव ने दो वर्ष पहले अपनी पुत्री गुलशन की शादी थाना क्षेत्र के मिठनपुर गांव के रहने वाले दीपक पुत्र चरन सिंह के साथ की थी। शादी के एक वर्ष बाद गुलशन ने बेटे सौरभ को जन्म दिया। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले गुलशन को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। पिता भीमसेन ने बताया कि कई बार ससुराल पहुंचकर ससुराल वालों को समझाया लेकिन ससुराल वाले नहीं माने और बेटी को प्रताड़ित करते रहे। बृहस्पतिवार की शाम छह बजे उसके बेटे किशनवीर ने बहन गुलशन का हाल जाने के लिए उसके जेठ को फोन किया तो जेठ ने बताया कि गुलशन की तबीयत ठीक नहीं है और सहसवान ले जा रहे हैं। पीड़ित पिता ने बतया कि वह तत्काल परिवार के लोगों के साथ मौके पर पहुंचा तो कमरे में बेटी का शव पड़ा था। बेटी का शव देखकर कर शोर मचाया तो उसके सिर में नल का हत्था मारकर भाग गए। ससुराल वालों पर गला दबा कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस बुला ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर पति दीपक, छत्रपाल जेठ, मीना जिठानी, चरन सिंह ससुर, धरवन्ती सास निवासी गांव मिठनपुर थाना जुनावई के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-
शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है, रिपोर्ट आने पर ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमे लगाई गई हैं। -डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, सीओ गुन्नौर