सौंधन। पशुओं का चारा लेकर लौट रही महिला को हाईटेंशन लाइन का करंट लग गया। इससे महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उपचार मिलने से पहले ही मौत हो गई। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है। मंगलवार की शाम छह बजे करीब हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव नारंगपुर निवासी सोमपाल की पत्नी ओमवती (50) की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब महिला पशुओं का चारा लेकर खेत से घर लौट रही थी। रास्ते में हाईटेंशन लाइन का तार लटका हुआ था और इसी दौरान करंट लग गया। जिससे मौके पर ही मौत हो गई। महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। बिजली विभाग की लापरवाही बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि खि रनी बिजली घर पर जाकर कई बार हाईटेंशन लाइन को ऊंचा करने की शिकायत कर चुके हैं लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई और इसी के चलते महिला की करंट से मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।