चंदौसी/बहजोई। चंदौसी में रोडवेज बस की चपेट में आने से स्कूटर पर सवार महिला की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर परिजनों ने बहजोई में हाथरस डिपो की रोडवेज बस को रोक लिया। आक्रोशित भीड़ ने चालक के साथ मारपीट कर बस के शीशे फोड़ दिए। पीछे से आ रही अलीगढ़ डिपो की बस को भी रोक लिया। पुलिस को आता देखकर भीड़ फरार हो गई। पुलिस ने दोनों बसों को कब्जे में लिया है और चालकों को अपने साथ ले गई। बस चंदौसी से हाथरस जा रही थी।
थाना बहजोई के गांव धीमरवाली निवासी रजनी (48) अपने पति भानू प्रकाश के साथ बुधवार की सुबह गणेश कालोनी निवासी अपने बीमार भाई को देखने आईं थीं। शाम करीब 6.25 बजे रजनी अपने भाई का हालचाल जानने के बाद पति भानू प्रकाश के साथ स्कूटर से बहजोई लौट रहीं थीं। स्कूटर सवार जब चंदौसी-बहजोई मार्ग स्थित ओपीजीएम स्कूल के समीप पहुंचे तो चंदौसी की ओर से आ रही रोडवेज बस ने आगे चल रहे स्कूटर में टक्कर मार दी। महिला का सिर बस के पहिये की चपेट में आ गया और मौके पर ही मौत हो गई। पति भानू प्रकाश बाल-बाल बच गए।
हादसे में महिला की मौत की सूचना बहजोई में परिजनों को दे दी। परिजन ने इस्लामनगर मेन चौराहे पर पहुंच गए और चंदौसी की ओर से आ रही हाथरस डिपो की बस को रोक लिया। चालक पर एक्सीडेंट का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। बस में करीब 15 यात्री सवार थे। इसके बाद भीड़ ने रोडवेज बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उसके शीशे फोड़ दिए।
भीड़ इतने पर भी शांत नहीं हुई। पीछे से आ रही अलीगढ़ डिपो की बस को भी रोक लिया। इस बस में करीब 20 यात्री सवार थे। इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर परिजन व भीड़ मौके से फरार हो गई। हालांकि अलीगढ़ डिपो की बस में कोई नुकसान नहीं हुआ है। इसके बाद पुलिस दोनों बसों को कब्जे में लेकर कोतवाली ले गई। दोनों बसों के चालकों को भी साथ ले गई है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
तोड़फोड़ से पहले ही उतर गए थे यात्री
चंदौसी। हाथरस डिपो की बस के चालक अशोक कुमार ने बताया कि बस में करीब 15 यात्री थे। इसमें तीन-चार यात्री बहजोई थे। भीड़ ने बस रोकने के बाद चालक के साथ मारपीट की। मारपीट शुरू होने पर यात्री पहले ही उतर गए। इसके बाद बस में तोड़फोड़ की गई है।
महिला के शव को पुलिस ने लिया कब्जे में
हादसे में मृत महिला के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर सीएचसी चंदौसी भिजवा दिया। इसके बाद पंचनामा भरने की तैयारी में जुटी है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
बस में भीड़ ने तोड़फोड़ की है। बस कब्जे में ले ली गई है और चालकों से पूछताछ की जा रही है। एक ही बस में तोड़फोड़ हुई है। शव को कब्जे में ले लिया है।
अशोक कुमार, सीओ चंदौसी