गुन्नौर क्षेत्र के मेरठ-बदायूं हाइवे पर बैरपुर के पास हादसे के बाद सड़क किनारे खंदी में घुसी रोडव
- फोटो : CHANDAUSI
जुनावई/ गुन्नौर। मेरठ बदायूं स्टेट हाईवे पर गुन्नौर क्षेत्र में गांव वैरपुर के पास घने कोहरे में ट्रक ने रोडवेज बस में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में रोडवेज अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा घुसी और पेड़ से टकराकर रुक गई। हादसे में छह यात्री मामूली रूप से चोटिल हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। े
बुधवार को बदायूं डिपो की बस दिल्ली से वापस आ रही थी। बस में करीब 14 यात्री सवार थे। सुबह करीब आठ बजे बदायूं मेरठ हाईवे वैरपुर गांव के पास घने कोहरे के कारण बस धीमी गति में चल रही थी। इस दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे लोहे से भर ट्रक ने रोडवेज बस में टक्कर मार दी। रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में चली गई और पेड़ से टकराकर रुक गई और पलटने से बच गई।
दुर्घटना में बस यात्री रजपुरा थाना क्षेत्र के गवां निवासी अश्विनी कुमार घायल हो गए। इनके अलावा पांच अन्य लोग मामूली रूप से चोटिल हो गए। अश्विनी कुमार को उपचार के लिए सीएचसी जुनावई भिजवाया गया। जबकि अन्य चोटिल लोग बिना उपचार कराए स्वयं ही अपने गंतव्य की ओर चले गए। गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव चबूतरा निवासी रोडवेज बस चालक रामेश्वर सिंह ने पुलिस को सूचना दी है। हादसे के बाद चालक और क्लीनर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गए।
वैरपुर पुलिस चौकी प्रभारी पंकज कुमार बालियान ने बताया सुबह कोहरे के चलते दोनों वाहनों की टक्कर हो गई थी। रोडवेज चालक की सूचना पर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। ट्रक के कागजात भी मिल गए हैं। पर उनमें ट्रक चालक का ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला है। ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।