गुन्नौर (संभल)। गुन्नौर में आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर हुसैनपुर सैलाब के पास ओवरटेक करते समय कार व डीसीएम की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद डीसीएम का चालक व परिचालक फरार हो गए।
जनपद अलीगढ़ के गांव जमालपुर निवासी डॉ. इलियास नवेद अपने परिजनों के साथ गुरुवार को कार से गुन्नौर आए थे। यहां एक गमी में शामिल होने के बाद वापस अलीगढ़ जा रहे थे। कार उनका बेटा जोहिव नवेद चला रहा था। मुरादाबाद आगरा हाईवे पर गांव हुसैनपुर सैलाब के पास उन्होंने रोडवेज बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस दौरान सामने से डीसीएम आ गई। हादसे में डीसीएम और कार की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में डॉ. इलियास नवेद, उनकी पत्नी रजिया, पुत्र जोहिव नवेद, उन्हीं के गांव निवासी रिश्तेदार साजिदा बेगम (55) पत्नी इनामुद्दीन, साफिया बेगम घायल हो गए। सूचना पर गुन्नौर से रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। घायल डॉ. इलियास नवेद, उनकी पत्नी और बेटे जोहिव को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया।
वहां से चिकित्सकों ने तीनों को अलीगढ़ रेफर कर दिया। हादसे में घायल हो साजिदा बेगम और साफिया बेगम को परिजन निजी वाहन से उपचार के लिए सीधे अलीगढ़ ले गए। परिजनों ने बताया कि अलीगढ़ पहुंचने से पहले ही साजिदा बेगम की रास्ते में हो गई। हादसे के बाद डीसीएम चालक व परिचालक मौके से फरार हो गए।