बहजोई (संभल)। बूंदाबांदी के दौरान खेत पर चारा लेने गई गांव बहापुर पट्टी असालत निवासी रुखसाना (40) पर बिजली गिर गई। जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बहजोई थाना क्षेत्र के गांव बहापुर पट्टी असालत निवासी रुखसाना बृहस्पतिवार की शाम बूंदाबांदी के दौरान खेत पर चारा लेने गई थी। महिला चारा काटने के बाद गठरी बांधकर घर आ रही थी। इसी दौरान तेज आवाज के साथ उस पर बिजली गिर गई। जिससे वह बुरी तरह झुलस गई और मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। जिस पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए। प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश कुमार ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।