संभल/रजपुरा। कोरोना संक्रमित युवकी की मां भी कोरोना संक्रमित निकली है। युवक और उसकी मां के संपर्क में रहे 59 लोग क्वारंटीन किए गए हैं। संपर्क में रहे लोगों की संख्या 100 से अधिक है। इनकी सूची स्वास्थ्य विभाग की टीम बना रही है। सभी के नमूने लिए जाएंगे।
बीमार मां को उपचार के लिए दिल्ली और मुरादाबाद लेकर गया रजपुरा का युवक कोरोना संक्रमित पाया गया था। युवक कहां कोरोना संक्रमित हो गया, इसकी जानकारी अभी नहीं हो पाई है। लेकिन जब वह रजपुरा लौटा तो स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसका परीक्षण कराया और 23 अप्रैल को कोरोना संक्रमित पाया गया। इसके बाद उसके माता-पिता, पत्नी, बच्चों, दोस्तों समेत परिवार के 18 सदस्यों को स्वास्थ्य विभाग ने क्वारंटीन किया। युवक की मां की हालत 23 अप्रैल की रात में ही बिगड़ गई। इसलिए जिले के स्वास्थ्य विभाग ने मां के साथ पिता और परिवार की एक महिला को मुरादाबाद रेफर किया।
वहां हालत नहीं सुधरी तो दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। अब वह दिल्ली में उपचार करा रहीं हैं। रेफर करने से पहले तीनों की जांच के लिए नमूने लिए गए थे। जिसमें मां कोरोना संक्रमित निकली हैं। दो के नमूनों की रिपोर्ट अभी आनी है। रजपुरा के युवक और उसकी मां के संपर्क में करीब सौ लोग रहे हैं जिसमें से 59 को स्वास्थ्य विभाग की टीम रजपुरा से क्वारंटीन केंद्र ले जा चुकी है। दूसरे कांटेक्ट अब तलाशे जा रहे हैं।
अभी तक संपर्क सूची में आए चार दोस्तों समेत 18 लोगों के नमूनों को जांच के लिए भेजा जा चुका है जबकि 41 लोगों के नमूने लिए जा रहे है। साथ ही दूसरे संपर्क तलाशे जा रहे हैं। 18 लोगों में से 25 अप्रैल की रात तक सिर्फ एक ही रिपोर्ट आई है। वह कोरोना संक्रमित युवक की मां है। उन्हें लखनऊ की पीजीआई स्थित लैब में कोरोना संक्रमित पाया गया है। युवक की मां दिल्ली में भर्ती हैं और उपचार करा रही हैं। पिता और परिवार की महिला उनके साथ है ताकि तीमारदारी हो सके। स्वास्थ्य विभाग की टीम अब कोरोना संक्रमित युवक की मां के संपर्क में रही महिलाओं और लोगों की सूची बना रही है, ताकि उनके भी परीक्षण कराए जा सकें।